विजय थलापति सरकार ने दिया था तत्काल रिहाई का आदेश, जेल से बाहर आए यूट्यूबर और पत्रकार ए शंकर उर्फ सुवुक्कु

चेन्नेई: तमिलनाडु के चर्चित यूट्यूबर और पत्रकार ए शंकर उर्फ ‘सवुक्कु’ को शुक्रवार को औपचारिक रूप से जेल से रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई तब संभव हुई जब नई थलपति विजय की सरकार ने पिछली डीएमके सरकार के दौरान जारी हिरासत आदेश को रद्द कर दिया। बता दें कि डीएमके सरकार ने पिछले कुछ सालों में शंकर पर कई मामले दर्ज किए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया। उन्हें आखिरी बार 8 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी दिसंबर 2025 में मिली अंतरिम मेडिकल बेल की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में हुई थी। अपनी रिहाई के बाद रिहाई के बाद शंकर ने उम्मीद जताई कि नई टीवीके सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और दक्षिणी राज्य के लोगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू करेगी। शंकर ने अपनी रिहाई के बाद मुख्यमंत्री विजय और कोर्ट का आभार जताया।
विजय की सरकार ने जारी किया था आदेश
बता दें कि तमिलनाडु सरकार की ओर से 19 मई को एक आदेश जारी किया गया था। इस आदेश में कहा गया था कि शंकर को तुरंत रिहा किया जाए। यह फैसला राज्य सलाहकार बोर्ड द्वारा तमिलनाडु प्रिवेंटिव डिटेंशन एक्ट की धारा 10 के तहत हिरासत के आधारों की समीक्षा के बाद लिया गया। बोर्ड ने हिरासत में लेने वाली एजेंसी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की और शंकर की मौखिक दलीलों को भी सुना। सरकारी आदेश के अनुसार, सलाहकार बोर्ड ने सर्वसम्मति से माना कि शंकर की निरोधात्मक हिरासत जारी रखने के लिए पर्याप्त औचित्य नहीं है। इसके बाद राज्य सरकार ने बोर्ड की सिफारिश स्वीकार करते हुए उनकी रिहाई का आदेश जारी कर दिया।
ए शंकर उर्फ ‘सवुक्कु’ कौन हैं
ए शंकर उर्फ ‘सवुक्कु’ एक यूट्यूबर और पत्रकार हैं। शंकर को 8 अप्रैल 2026 को आंध्र प्रदेश के ओंगोल से गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप था कि चेन्नई लाए जाने के दौरान उन्होंने पुलिस एस्कॉर्ट टीम पर पथराव किया और हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला दर्ज किया गया था। अब उन्हें नई सरकार ने बड़ी राहत दे दी है।
ब्युरो रिपोर्ट




