आवास योजनाओं की जमीनी हकीकत देखने सीईओ पहुंचे गांव, हितग्राहियों को मिला भरोसा’
बचरा पोड़ी क्षेत्र में निरीक्षण, अधिकारियों ने गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर’

कोरिया 10 अप्रैल 2026/ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर निगरानी की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में आवास निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बचरा पोड़ी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण कर आवास निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन मकानों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं निर्धारित मानकों के पालन की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. चतुर्वेदी ने हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वस्त किया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े साल्ही में भी उन्होंने कई आवासों का निरीक्षण किया। तकनीकी टीम के साथ किए गए इस निरीक्षण में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास के पात्र हितग्राहियों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनका पक्का मकान बनाने का सपना जल्द साकार हो सके।
ब्युरो रिपोर्ट




