विश्व मलेरिया दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में निकली जनजागरूकता रैली डेंगू नियंत्रण का दिया गया संदेश

मनेन्द्रगढ़ । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में विश्व मलेरिया दिवस और “राष्ट्रीय डेंगू दिवस” के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशानुसार मितानिन कार्यकर्ताओं और आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन के छात्रों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. एस. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि डेंगू से बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है और इसके लिये जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई बनाये रखने, पानी के बर्तनों को ढककर रखने तथा बुखार होने पर तत्काल जांच कराने का संदेश दिया गया।
“जांच करें, सफाई रखें और ढककर रखें। डेंगू को मिलकर रोकें” जैसे नारों के साथ रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. वाशिक असदक, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, आरबीएसके नोडल अधिकारी डॉ. अतीक सोनी, कार्यवाहक जिला मलेरिया सलाहकार संजीत सिंह, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक मो. सुलेमान खान एवं बीईटीओ प्रमेन्द्र कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिये सभी नागरिक सतर्क रहें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभायें।
ब्युरो रिपोर्ट


