सक्ती जिले में 58 एकड़ के निस्तारी तालाब को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराने का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
तालाब बेचने की तैयारी की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने किया स्थल निरीक्षण; पंचनामा और जांच प्रतिवेदन सौंपा।

सक्ती / मालखरौदा। ग्राम चारपारा में 58 एकड़ के विशाल निस्तारी तालाब को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के सार्वजनिक उपयोग वाले इस तालाब को राजस्व अभिलेखों में गलत तरीके से एक निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया गया है। अब तालाब को बेचने की तैयारी किए जाने की आशंका से ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप करते हुए तालाब को निजी कब्जे और संभावित बिक्री से बचाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम चारपारा, पटवारी हल्का नंबर-06 स्थित खसरा नंबर 327-328 में दर्ज करीब 58 एकड़ रकबे के निस्तारी तालाब को राजस्व अभिलेखों में गलत तरीके से एक व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया गया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने 12 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मालखरौदा को लिखित आवेदन सौंपा था। आवेदन में तालाब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और राजस्व अभिलेखों से निजी व्यक्ति का नाम विलोपित करने की मांग की गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति अब इस निस्तारी तालाब को बेचने की फिराक में है। उनका कहना है कि यह तालाब लंबे समय से गांव के सार्वजनिक उपयोग में रहा है। पूर्व में भी इस मामले को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। शिकायत के बाद जांच-पड़ताल भी हुई थी और तालाब को शासकीय तालाब घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद राजस्व अभिलेखों में निजी व्यक्ति का नाम दर्ज होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मालखरौदा ने राजस्व निरीक्षक छपोरा एवं उनकी टीम को 19 नवंबर 2026 को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा। ग्रामीणों के अनुसार निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्ष के लोग भी मौजूद रहे। राजस्व टीम ने मौके पर जांच कर पंचनामा तैयार किया और जांच प्रतिवेदन अनुविभागीय कार्यालय में प्रस्तुत कर दिया है।
ग्रामीणों की मांग, तालाब को मिले शासकीय दर्जा
ग्रामीणों की मांग है कि 58 एकड़ के इस निस्तारी तालाब को राजस्व अभिलेखों में विधिवत शासकीय तालाब के रूप में दर्ज किया जाए तथा निजी व्यक्ति के नाम की प्रविष्टि को तत्काल विलोपित किया जाए। साथ ही मामले का अंतिम निराकरण होने तक तालाब की किसी भी प्रकार की बिक्री अथवा हस्तांतरण पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अब सबकी नजरें राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट और एसडीएम कार्यालय की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि जब तालाब को पहले ही शासकीय घोषित किया जा चुका है, तो राजस्व अभिलेखों में निजी व्यक्ति का नाम किस आधार पर दर्ज हुआ? क्या इस त्रुटि को सुधारकर ग्रामीणों को उनके निस्तारी तालाब का अधिकार मिलेगा या मामला फाइलों में ही उलझा रहेगा?
ब्यूरो रिपोर्ट



