अनूपपुर में भीषण सड़क हादसा, सेना के जवान समेत तीन की दर्दनाक मौत, एक गंभीर।

अनूपपुर। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर छुल्हा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। वहीं घायल राजू तिवारी (30) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
दोस्त की शादी से लौट रहा था सेना का जवान
हादसे में जान गंवाने वाला विनीत विश्वकर्मा भारतीय सेना में जवान था। बताया गया कि वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर आया था। परिवार को उम्मीद थी कि जवान बेटे के घर लौटने से खुशियां आएंगी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सुबह 5:30 बजे मिली हादसे की सूचना
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं, वहीं घायल का उपचार कराया गया।
आखिर कैसे हुआ इतना भीषण हादसा?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बोलेरो चालक ने वाहन से नियंत्रण किन परिस्थितियों में खोया और सड़क किनारे खड़े ट्रक से इतनी भीषण टक्कर कैसे हुई।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट



