जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप का आरोप– भाजपा नेताओं के इशारे पर मेरे प्रतिनिधियों को बनाया जा रहा निशाना, एसपी विजय कुमार पांडेय का दोटूक जवाब– पुलिस किसी को बेवजह गिरफ्तार नहीं करती, कार्रवाई के पर्याप्त सबूत हैं!
विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र दिनकर की गिरफ्तारी से लेकर भैरव मिश्रा पर जिला बदर की कार्रवाई और अब भुवनेश्वर केशरवानी समेत तीन की गिरफ्तारी तक सियासी घमासान, विधायक ने पुलिस की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, एसपी बोले– लोकतंत्र में निर्दोष साबित होने के लिए न्यायालय के सभी दरवाजे खुले हैं...

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप और जिला पुलिस प्रशासन के बीच तल्खी अब खुलकर सामने आने लगी है। विधायक ने अपने प्रतिनिधियों के खिलाफ लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक निशानेबाजी करार देते हुए भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट कहा है कि पुलिस किसी को टारगेट करके कार्रवाई नहीं कर रही है। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, उनके विरुद्ध पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
एक के बाद एक प्रतिनिधियों पर कार्रवाई, विधायक ने उठाए सवाल
जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप के मुताबिक, सबसे पहले उनके प्रतिनिधि जितेंद्र दिनकर को आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्होने कहा कि लगभग तीन महीने जेल में रहने के बाद न्यायालय ने उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि भैरव मिश्रा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई।
इसी कड़ी में नगर पंचायत नवागढ़ के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि भुवनेश्वर केशरवानी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज होने और आदतन बदमाश के रूप में सूचीबद्ध होने का हवाला देते हुए जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी को अनुशंसा भेजी गई। वहीं, हाल ही में डायल-112 वाहन को टक्कर मारने, पुलिस टीम के साथ हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में विधायक प्रतिनिधिगण भुवनेश्वर केशरवानी, राकेश चंद्रा और इतवारी खूंटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
विधायक का आरोप है कि उनके प्रतिनिधियों को लगातार आपराधिक मामलों में उलझाकर राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिले में गंभीर आपराधिक घटनाओं के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उनके प्रतिनिधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है।
कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर लूट, खोखरा कांड का भी उठाया मुद्दा
विधायक ब्यास कश्यप ने जिला मुख्यालय जांजगीर में कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े हुई लूट और डकैती की घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी और विभिन्न अधिकारियों की तैनाती के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
उन्होंने ग्राम खोखरा में शराब दुकान के सामने हुई गोलीबारी और कैश कलेक्शन वैन से लाखों रुपये की लूट का मामला भी उठाया। विधायक का आरोप है कि इन गंभीर घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस की नाकामी और उनके प्रतिनिधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई पुलिस की कार्यप्रणाली में दोहरे मापदंड को उजागर करती है।
एसपी विजय कुमार पांडेय का जवाब– भारत में लोकतंत्र है, निर्दोष हैं तो न्यायालय जाएं
विधायक विधायक ब्यास कश्यप के आरोपों पर जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि भारत में लोकतंत्र है। क्या पुलिस किसी व्यक्ति को बेवजह गिरफ्तार करके जेल भेज देगी और वह व्यक्ति चुपचाप बैठा रहेगा? किसी भी व्यक्ति के पास अपनी बात रखने और खुद को निर्दोष साबित करने के लिए स्थानीय न्यायालय, जिला न्यायालय, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक के विकल्प मौजूद हैं।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस द्वारा किसी को भी टारगेट करके कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनके विरुद्ध पर्याप्त सबूत हैं। पुलिस की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की गई है।
आरोप बनाम जवाब, अब पुलिस की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर निगाहें
एक तरफ विधायक ब्यास कश्यप लगातार अपने प्रतिनिधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई किए जाने का दावा किया है। ऐसे में यह मामला अब केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस की निष्पक्षता, अपराधों की विवेचना और कानून के समान अनुपालन को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखने वाली बात होगी कि विधायक द्वारा उठाए गए लूट और गोलीबारी जैसे मामलों में पुलिस कब तक ठोस नतीजे सामने लाती है और विधायक प्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज मामलों में न्यायिक प्रक्रिया आगे क्या रुख लेती है।
ब्यूरो रिपोर्ट




