पुलिस आरक्षक पर दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप,,,
कोरबा में लिफ्ट के बहाने की गलत हरकत,पीड़िता बोली-आरोपी बुरी नजर रखता था, केस दर्ज,,,

कोरबा / – कोरबा के सिविल लाइन थाना में एक पुलिस आरक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। आरक्षक पर अपने ही दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला बांगो थाना में पदस्थ आरक्षक दीपनारायण त्रिपाठी से जुड़ा है। पीड़िता ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरक्षक दीपनारायण त्रिपाठी ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए छेड़छाड़ की। आरोपी आरक्षक पीड़िता के पति का दोस्त था और परिवार का करीबी था।
महिला की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह एक सहेली के घर जा रही थी। इसी दौरान आरक्षक दीपनारायण त्रिपाठी वहां पहुंचा और उसे लिफ्ट देने के बहाने छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के विरोध करने के बावजूद भी आरक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
यह भी बताया गया है कि दीपनारायण त्रिपाठी का पीड़िता के घर आना-जाना था और वह कथित तौर पर पीड़िता पर गलत निगाह रखता था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बांगो थाने में पदस्थ दीपनारायण त्रिपाठी के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ब्युरो रिपोर्ट



