छत्तीसगढ़

डुण्डेरा में फर्जी हस्ताक्षर से जमीन हड़पने का मामला, उतई पुलिस ने पति-पत्नी समेत 3 को किया गिरफ्तार हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट में फर्जी निकले पिता के हस्ताक्षर, इकरारनामा और बिक्रीनामा के मूल दस्तावेज जप्त।

दुर्ग। ग्राम डुण्डेरा स्थित पैतृक कृषि भूमि को कूटरचित हस्ताक्षर से फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने के मामले में थाना उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
शिकायत में क्या आरोप था?
दिनांक 26.11.2026 को प्रार्थी पन्ना लाल साहू, पिता स्व. बोधीराम साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी शास्त्री चौक ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई ने वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी।
शिकायत के अनुसार प्रार्थी के पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व की कृषि भूमि ग्राम डुण्डेरा में स्थित है। आरोप है कि शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी श्रीमती सीमा साहू एवं उनके सहयोगियों ने आपसी मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।
आरोप है कि शिवकुमार साहू द्वारा अपनी पत्नी श्रीमती सीमा साहू के पक्ष में दिनांक 24.09.2022 को फर्जी इकरारनामा तैयार कराया गया तथा दिनांक 18.11.2022 को प्रार्थी के पिता के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्रीनामा तैयार किया गया। इसके माध्यम से पैतृक कृषि भूमि को छलपूर्वक हड़पने एवं रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया।
प्रार्थी द्वारा उक्त दस्तावेजों के हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में इकरारनामा एवं बिक्रीनामा में अंकित हस्ताक्षर प्रार्थी के पिता बोधीराम साहू के नहीं होना प्रतिवेदित किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवकुमार साहू, पिता स्व. महावीर साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
2. श्रीमती सीमा साहू, पति शिवकुमार साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
3. कौशल कुमार साहू,पिता आशाराम साहू, निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
क्या-क्या जप्त हुआ?
1.प्रार्थी पन्ना लाल साहू द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज।
2. आरोपी शिवकुमार साहू से बिक्रीनामा दिनांक 18.11.2022 का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट एवं इकरारनामा दिनांक 24.09.2022 का मूल स्टाम्प पेपर।
3. आरोपी श्रीमती सीमा साहू से ई-स्टाम्प पेपर दिनांक 14.02.2023 एवं रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री एवं मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता एवं संबंधित पक्षकारों की पहचान का विधिवत परीक्षण अवश्य करें। किसी अन्य व्यक्ति की भूमि से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button