रामनवमी पर बिलासपुर हुआ राममय, श्री वेंकटेश मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा….

बिलासपुर / – रामनवमी के पावन अवसर पर बिलासपुर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। शहर में हर ओर ‘जय श्रीराम’ के जयकारे गूंजते रहे। इसी कड़ी में श्री वेंकटेश मंदिर सेवादार समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शुक्रवार शाम निकली इस भव्य शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएं तक पूरे जोश और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुए। श्री वेंकटेश मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। सदर बाजार, गोल बाजार, सिटी कोतवाली, जूना बिलासपुर, गांधी चौक, शिव टाकीज, पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, पुलिस ग्राउंड और ईदगाह चौक होते हुए लखीराम सभागार तक पहुंची, जहां से पुनः मंदिर में समापन हुआ।
पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। खासकर सदर बाजार से गोल बाजार तक फूलों की बारिश कर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम का अभिनंदन किया। सड़कों पर फूलों की चादर बिछ गई और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। ‘जय श्रीराम’ के नारों से शहर गूंज उठा।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रामलला की मनमोहक झांकियां रहीं, जिनके दर्शन के लिए लोग रास्तेभर खड़े नजर आए। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर आरती उतारी और भगवान श्रीराम का स्वागत किया। भक्ति और आस्था का ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने हर किसी को भावविभोर कर दिया।
रामनवमी के मौके पर सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के साथ पूरे दिन धार्मिक आयोजन चलते रहे।भक्ति, उल्लास और आस्था से भरे इस भव्य आयोजन ने बिलासपुर को पूरी तरह राममय कर दिया। जहां हर कोई भगवान श्रीराम की भक्ति में लीन नजर आया। रामनवमी का यह पर्व शहरवासियों के लिए आस्था और एकता का प्रतीक बन गया।
ब्युरो रिपोर्ट



