छत्तीसगढ़

धमतरी टी . आई. ने बीच बाजार व्यापारी को जड़ा थप्पड़, गाड़ी नहीं रोकने पर हुआ बहस, गाली गलौज कर, कहा- थाने ले जाकर मारूंगा,

धमतरी / –  छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नाके पर गाड़ी नहीं रोकने पर बाजार में टीआई ने एक व्यापारी को थप्पड़ जड़ दिया। गाली-गलौज करते हुए कहा कि थाने ले जाकर मारूंगा। जिसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला बोराई थाना क्षेत्र का है।
वायरल वीडियो में टीआई नरेंद्र सिंह व्यापारी को सरेआम थप्पड़ मारते और धमकाते साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि वे व्यापारी को थाने ले जाकर मारेंगे। हालांकि, अपनी इस हरकत का सबूत कैमरे में कैद होने के बावजूद अब टीआई थप्पड़ मारने की बात से साफ मुकर रहे हैं।
दरअसल, पीड़ित व्यापारी शब्बीर मेमन ने बताया कि, वह हर हफ्ते की तरह शुक्रवार को बोराई के साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने और बेचने आ रहा था। बोराई नाके पर गाड़ी रोकी जा रही थी, लेकिन बाजार पहुंचने में देरी होने के कारण वह गाड़ी नहीं रोक पाया।

इसके बाद टीआई ने उसे बीच बाजार में रोका, गाली-गलौज कर धमकी दी और बहस के दौरान थप्पड़ मार दिया। शब्बीर मेमन ने यह भी आरोप लगाया कि, नाके पर एंट्री फीस के नाम पर गाड़ियां रोकी जाती हैं।
वायरल वीडियो में टीआई पहले व्यापारी को थप्पड़ मारते और गाली देते दिख रहे हैं। कुछ देर बाद वह आसपास के लोगों से भी बहस करते नजर आए। यह भी कह रहे हैं कि, उसने व्यापारी को थप्पड़ नहीं मारा है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोग थप्पड़ मारने की बात कह रहे हैं।
इस मामले में एडिशनल एएसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि, ओडिशा की तरफ से आ रही पिकअप को बोराई नाका के पास रोका गया था, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। जिसके बाद टीआई के साथ बहस हुई और यह घटना घटी। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए अधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग की जाती है। इसलिए सभी गाड़ियों को रोककर चेक किया जाता है। इसलिए उसे भी रुकवाया गया होगा। हालांकि, अभी तक व्यापारी की तरफ से थाने में इसकी शिकायत नहीं की गई है।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button