अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर कैंसर का झांसा देकर 2.19 लाख की ठगी और दुष्कर्म, आरोपी सूरत से गिरफ्तार।

राजनांदगांव। इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती कर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को साइबर पुलिस राजनांदगांव ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कैंसर पीड़ित होने का झांसा देकर पीड़िता से 2 लाख 19 हजार 500 रुपये की ठगी भी की।
आरोपी रोनक सिंह पिता पंकज भाई (19) निवासी वराछा, सूरत को 9 अक्टूबर को हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लाया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी ने 1 मई से 19 जुलाई 2025 के बीच इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर विश्वास जीता। फिर कैंसर से पीड़ित होने की बात कहकर नगद और ऑनलाइन 2.19 लाख रुपये ले लिए। बाद में सूरत से राजनांदगांव आकर एक निजी होटल में पीड़िता को बुलाकर दुष्कर्म किया और निजी फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। पैसे वापस मांगने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
शिकायत पर 20 अगस्त 2026 को साइबर थाना राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 02/26 धारा 318(4), 77 BNS, 66(E) IT एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। बाद में पीड़िता के कथन पर धारा 69 और 351(1) BNS जोड़ी गई।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और डीएसपी साइबर सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में निरीक्षक विनय कुमार पम्मार के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य और लोकेशन के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। उसके पास से मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड जब्त किया गया है। आज उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती में सतर्क रहें, निजी फोटो-वीडियो शेयर न करें।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button