अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

सारंगढ़ बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्यवाही , गाड़ी मे रखे 14.670 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद।

आरोपी सहित तस्करी में प्रयुक्त कार क्रमांक CG13 AE 3695 जप्त।

सारंगढ़ बिलाईगढ़ / – पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस के कुशल मार्गदर्शन में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ANTF और थाना बरमकेला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गश्त एवं पेट्रोलिंग के दौरान थाना बरमकेला पुलिस और ANTF की संयुक्त टीमआअ को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध ग्रे कलर की वैगनर कार क्रमांक CG13 AE 3695 आ रही है। वाहन को रोककर पूछताछ करने पर चालक मौका पाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार अन्य व्यक्ति ने अपना नाम तूकेश्वर साहू पिता तेरस राम साहू, निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.) बताया।

पुलिस टीम ने आरोपी और उसके वाहन की सघन तलाशी ली, जिसमें वैगनर कार की डिक्की से एक काले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 14 पैकेटों से कुल 14.670 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।

जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.670 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार तथा दो नग मोबाइल फोन सहित कुल ₹9,41,500/- की संपत्ति जब्त की।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से खरीदकर बिनका–सोहेला–बरमकेला होते हुए थाना खरसिया, जिला रायगढ़ क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था। इस संबंध में पुलिस गहन जांच कर रही है तथा गांजा के स्रोत एवं संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए ‘इंड टू इंड’ कार्यवाही कर रही है। साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय स्रोतों की भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में फरार चालक की तलाश जारी है।

*सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की स्पष्ट नीति*

नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button