छत्तीसगढ़

एमसीबी जिला के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: रायपुर में आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल 2026-27 का आयोजन।

एमसीबी/23 अप्रैल 2026/ – जिले के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। रायपुर जिले में संचालित विभागीय आवासीय खेल अकादमी के लिए सत्र 2026-27 हेतु चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें एमसीबी जिले सहित पूरे राज्य के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। यह चयन प्रक्रिया खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीरंदाजी, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और एथलेटिक्स जैसे प्रमुख खेलों के लिए बालक एवं बालिका वर्ग में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग दोनों वर्गों के लिए खुला रहेगा, जबकि फुटबॉल केवल बालिका वर्ग के लिए और हॉकी एवं एथलेटिक्स दोनों वर्गों के लिए आयोजित होंगे।
चयन ट्रायल की शुरुआत 28 और 29 अप्रैल 2026 को होगी, जिसमें पंजीयन, दस्तावेजों की जांच, चिकित्सकीय परीक्षण तथा शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 30 अप्रैल से 1 मई 2026 तक खेल कौशल परीक्षण आयोजित किए जाएंगे, जहां खिलाड़ियों की वास्तविक क्षमता का आकलन किया जाएगा। सभी गतिविधियां प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होंगी।
ट्रायल में शामिल होने के लिए राज्य के बालक एवं बालिका खिलाड़ी पात्र होंगे, साथ ही अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। आयोजन स्थल के रूप में रायपुर के प्रमुख खेल परिसरों का चयन किया गया है, जहां अलग-अलग खेलों के लिए निर्धारित स्थानों पर परीक्षण किए जाएंगे।
चयनित खिलाड़ियों को आवासीय खेल अकादमी में निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा, खेल परिधान, प्लेइंग किट और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे वे अपने खेल कौशल को बेहतर तरीके से विकसित कर सकें।
इच्छुक खिलाड़ी जिला कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं या चयन तिथि के प्रथम दिवस रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में प्रातः 7 बजे पहुंचकर सीधे पंजीयन करा सकते हैं। यह अवसर एमसीबी जिले के उन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करने का सपना देखते हैं।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button