शराब के नशे में हुआ मामूली सा विवाद, फिर 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से कर दी हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार।

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने मिलकर 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए ऐसी जगह चुनी, जहां किसी को आसानी से भनक तक न लगे। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बंजारी नगर रावांभाठा इलाके के चारो बांधा तालाब सूखा मैदान का है। पुलिस के मुताबिक 6 अगस्त की रात करीब 10 से 12 बजे के बीच मृतक पवन टंडन अपने तीन परिचितों—समीर खान, प्रकाश यादव और सूरज यादव के साथ वहां बैठा था। इस दौरान सभी ने शराब पी। देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच पवन का तीनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ा तो समीर खान ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास में पड़े सीमेंट-कंक्रीट के बड़े टुकड़े से उसके सिर पर वार किया, जबकि सूरज यादव ने उसका गला दबाया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद समीर ने दो से तीन बार फिर सीमेंट के बड़े टुकड़े से पवन के सिर पर वार किया। गंभीर चोटों के चलते पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट पाइप लाइन के अंदर करीब 12 फीट की दूरी पर छिपा दिया। इधर पवन के परिजन दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवकों ने एक व्यक्ति की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया है।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस आरोपियों को बताए गए घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर सीमेंट पाइप के अंदर से शव बरामद किया गया। परिजनों ने मृतक की पहचान पवन टंडन के रूप में की।
मामले में मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 752/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 3(5) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, सीमेंट-कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय समीर खान, 18 वर्षीय प्रकाश यादव उर्फ दादु और 19 वर्षीय सूरज यादव शामिल हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते हत्या की गुत्थी चंद घंटों में सुलझ गई।
ब्युरो रिपोर्ट




