सीएम के मौजूदगी में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज साहू के द्वारा बीजेपी विधायक रेणुका सिंह की अपने विधानसभा में सक्रियता पर सवाल उठाय जाने के बाद जिले का राजनीतिक पारा गर्म , भाजपा जिलाध्यक्ष ने थमाया नोटिस।

कोरिया: प्रदेशभर में इन दिनों सुशासन तिहार मनाया जा रहा है. इस दौरान सीएम कहीं भी पहुंचकर पेड़ के नीचे चौपाल लगा रहे हैं. चौपाल के माध्यम से वो विकास कार्यों की समीक्षा के साथ फीड बैक भी रहे हैं. सुशासन तिहार के माध्यम से सीएम ये पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं कि जनता तक विकास और योजनाएं पहुंच रही है या नहीं. इसी कड़ी में शनिवार को सीएम का काफिला भरतपुर-सोनहत विधानसभा पहुंचा
सुशासन तिहार 2026
भरतपुर-सोनहत में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता द्वारा बीजेपी विधायक रेणुका सिंह की सक्रियता पर उठाए गए. सवाल के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. मामला उस समय चर्चा में आया जब सोनहत के कुशहा गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज साहू ने मंच से अपनी बात रखते हुए कहा कि क्षेत्र की विधायक का अता पता नहीं चलता है.
विधायक की सक्रियता पर पार्टी पदाधिकारी का सवाल
हालांकि मनोज साहू की बात पूरी होने से पहले ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें रोकते हुए कहा, ”यह सुशासन तिहार का विषय नहीं है, अलग से मुलाकात कर लेना.” मुख्यमंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
भाजपा जिलाध्यक्ष ने जारी किया नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है. भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन यह जानना चाहता है कि सार्वजनिक कार्यक्रम और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इस प्रकार का बयान क्यों दिया गया. संगठन स्तर पर इसे अनुशासन से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

कांग्रेस ने साधा बीजेपी की कार्यशैली पर निशाना
सुशासन तिहार के मंच से उठे सवाल को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और संगठन पर तंज कसा है. भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि यह कैसा सुशासन तिहार है, जहां अपनी बात रखने पर कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल दिखावा बनकर रह गया है और जनता व कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस ने इसे भाजपा के भीतर असंतोष का संकेत भी बताया है.
भाजपा का पलटवार
भाजपा की ओर से जिला प्रवक्ता जमुना पांडे ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक रेणुका सिंह हमेशा अपने क्षेत्र में सक्रिय रहती हैं और वर्तमान में अपने बेटे के इलाज के सिलसिले में मुंबई में हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर इस तरह अपनी भड़ास निकालना उचित नहीं माना जा सकता. भाजपा संगठन मामले को अनुशासन के दायरे में देखकर आगे की कार्रवाई करेगा. फिलहाल राजनीतिक गलियारों में सबकी नजर भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी मनोज साहू के जवाब और उसके बाद पार्टी संगठन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
ब्युरो रिपोर्ट



