बिलासपुर में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़, 263 सिलेंडर जब्त।

बिलासपुर / – बिलासपुर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के मधुबन क्षेत्र में छापेमारी कर 263 नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि मौके से गोदाम संचालक फरार हो गया, जबकि विभाग अब इस पूरे मामले में गैस कंपनियों को भी पक्षकार बनाकर कार्रवाई की तैयारी में है।
खाद्य विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुबन इलाके में दबिश दी, जहां बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए गए। मौके से कुल 263 सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका उपयोग कथित तौर पर व्यावसायिक काम में किया जा रहा था।छापेमारी के दौरान गोदाम का मालिक मौके से फरार हो गया। टीम ने सिलेंडरों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला गैस की कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है।
खाद्य विभाग अब इस मामले में Indian Oil Corporation और Hindustan Petroleum को भी पार्टी बनाकर कार्रवाई करने की तैयारी में है, ताकि सप्लाई चेन और वितरण में हुई गड़बड़ी की पूरी जांच की जा सके। फिलहाल जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित रख लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर में गैस कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
ब्युरो रिपोर्ट




