24 घंटे निगरानी का आरोप, शादीशुदा होने की बात से परेशान थी बेटी: मां के बयान से निधि तिवारी की मौत के मामले में आया नया मोड़।
30 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में उनकी मां के बयान ने खड़े किये कई सवाल।

मध्यप्रदेश/ सिंगरौली। ‘मिस प्रिटी इंडिया 2024’ का खिताब जीत चुकीं 30 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में उनकी मां के बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार ने पंजाब निवासी इंजीनियर सोनू सिंह पर निधि को मानसिक रूप से परेशान करने और लगातार निगरानी रखने के आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
निधि की मां हेमलता तिवारी के मुताबिक, “सोनू सिंह मेरी बेटी पर 24 घंटे नजर रखता था। वीडियो कॉल पर रखता था। कान से ब्लूटूथ भी नहीं निकालने देता था। कोई रिश्तेदार घर आ जाए या किसी का फोन आ जाए, तो शक करता था।”
मां का कहना है कि निधि इस रिश्ते को लेकर काफी तनाव में रहती थी। परिवार के अनुसार, सोनू ने शुरुआत में खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन बाद में उसके शादीशुदा होने और दो बच्चों की जानकारी सामने आई। मां का दावा है कि इस बात को लेकर निधि अक्सर परेशान रहती थी।
होटल में हुई थी पहचान
परिवार के मुताबिक, निधि मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली थीं और सिंगरौली के मोरवा क्षेत्र में रहती थीं। वह GS ग्रैंड होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर चुकी थीं। इसी दौरान NCL से जुड़ी एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले सोनू सिंह से उनकी पहचान होने की बात सामने आई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना से पहले निधि और सोनू के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद निधि अपने कमरे में चली गई थीं। परिवार ने बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब फोन कॉल, डिजिटल गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
आखिरी पोस्ट और अब कई सवाल
निधि सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। रिपोर्टों के मुताबिक फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स थे और उन्होंने 2024 में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीता था।
घटना से पहले सोशल मीडिया पर उनके द्वारा साझा की गई पोस्ट भी अब जांच के केंद्र में है। पुलिस निधि की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है।
परिवार के आरोप गंभीर हैं, लेकिन उनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच का विषय है। सिंगरौली पुलिस के मुताबिक मामले में सामने आए दावों को सत्यापित किया जा रहा है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है।
अब बड़ा सवाल यही है कि निधि किन परिस्थितियों से गुजर रही थीं और घटना से पहले आखिर क्या हुआ था? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट




