अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का हुआ भंडाफोड़ ,11 लाख से ज्यादा कीमत का गांजा सहित 7 आरोपी गिरफ्तार।

रायपुर / – रायपुर पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 11 लाख से ज्यादा कीमत का गांजा बरामद किया गया है।पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला और मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
टीम को सूचना मिली थी कि तेलघानी नाका चौक के पास कुछ लोग बैग में गांजा लेकर तस्करी की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 4 पुरुष, 2 महिला और एक नाबालिग सहित कुल 7 लोगों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से 22 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 11 लाख 22 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है, रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
ब्युरो रिपोर्ट




