पत्थलगांव टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक ।

जशपुर। जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में रविवार को एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। पाकरगांव स्थित बेहरा टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कचरा जलाने से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम के पीछे कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान एक चिंगारी उड़कर गोदाम तक पहुंच गई, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील टेंट, कपड़े और सजावट का सामान रखा हुआ था। चिंगारी के संपर्क में आते ही सामान में आग लग गई और तेजी से फैलने लगी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। इस आगजनी में टेंट, पर्दे, कुर्सियां, लाइटिंग और अन्य सजावटी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। नुकसान का सटीक आंकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन इसे लाखों रुपये की क्षति माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। टेंट हाउस के संचालक नित्या बेहरा ने बताया कि यह घटना लापरवाही का परिणाम है।
उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि इस नुकसान से उनकी आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। उनका कहना है कि गोदाम में रखा पूरा सामान जल जाने से व्यवसाय को फिर से खड़ा करना कठिन हो जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और राजस्व टीम द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कचरा जलाने के दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आगजनी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सतर्कता बरती जाए और ज्वलनशील सामग्री वाले स्थानों के आसपास कचरा जलाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ब्युरो रिपोर्ट


