छत्तीसगढ़

मनेंद्रगढ़ कबाड़ से निकली रेलवे की संपत्ति, 450 किलो रेलवे स्क्रैप बरामद।

ट्रक समेत करीब 8 टन कबाड़ जब्त, कबाड़ कारोबारी रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन फरार

मनेंद्रगढ़ । मुखबिर की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) की टीम ने 17 सितंबर 2026 को मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ट्रक क्रमांक सी जी-07-बी एल-2601 को पकड़ा। ट्रक को रेसुब पोस्ट मनेंद्रगढ़ लाकर जब उसमें लदे कबाड़ की जांच और अनलोडिंग की गई तो उसमें 90 आर रेल लाइन, आयरन ब्रेक ब्लॉक सहित अन्य रेलवे संपत्ति बरामद हुई।

कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार, बिलासपुर के निर्देशन में निरीक्षक सुनीता मिंज एवं मंडल टास्क टीम द्वारा की गई। बरामद रेलवे संपत्ति का वजन करीब 450 किलोग्राम पाया गया, जबकि ट्रक में लदे अन्य कबाड़ का कुल वजन करीब 8 टन बताया गया है।

पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम सीताराम द्विवेदी (43), निवासी वार्ड क्रमांक 06, जोरा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) बताया। चालक के अनुसार ट्रक में लदा कबाड़ चौहान ट्रेडर्स के मालिक रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन का है।

इसके बाद रेसुब टीम ने कबाड़ मालिक की तलाश की, लेकिन वह मौके से फरार मिला। पुलिस ने ट्रक में लदे कबाड़ सहित रेलवे संपत्ति को जब्त कर लिया। मामले में रेसुब पोस्ट मनेंद्रगढ़ में अपराध क्रमांक 39/2026, दिनांक 21 सितंबर 2026, धारा 3(ए) आर.पी. (यू.पी.) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

22 सितंबर को आरोपी चालक को विशेष रेलवे न्यायालय बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। जब्त रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब रुपए 17,100 तथा अन्य कबाड़ की कीमत करीब रुपए 7 लाख आंकी गई है। जब्त ट्रक को रेसुब पोस्ट मनेंद्रगढ़ में रखा गया है।

#फरार कबाड़ कारोबारी की तलाश जारी

रेसुब के अनुसार फरार रियाजुद्दीन उर्फ चुनमुन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में स्थानीय पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल में लोहा चोरी तथा रेलवे संपत्ति से संबंधित कई मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है।

रेलवे संपत्ति की बरामदगी के बाद कार्रवाई को लेकर कबाड़ कारोबारियों में हलचल देखी जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि रेलवे की संपत्ति कबाड़ तक कैसे पहुंची और इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं? मामले की आगे की जांच में इन बिंदुओं पर भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button