डीयू छात्रा से दुष्कर्म करने वाले युवकों ने 3 दिन में बदले 80 सिम कार्ड! सदमे में है 19 साल की लड़की

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में 19 साल की लड़की से गैंगरेप के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म करने वाले तीन लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें जौनपुर और दिल्ली भेजी गई हैं। पता चला कि आरोपियों ने पुलिस की तकनीकी ट्रैकिंग से बचने के लिए तीन दिनों में दो मोबाइल फोन में करीब 80 सिम कार्ड बदले हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जब पता चला कि पीड़िता ने दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पुलिस थाने में जीरो FIR दर्ज कराई है तो उन्होंने बार-बार SIM कार्ड बदलना शुरू कर दिया। SIM कार्ड बदलने का यह सिलसिला 19 मई से 21 मई के बीच चला। आरोपी बार-बार एक ही हैंडसेट में नए-नए नंबर डालते रहे, ताकि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ‘टावर डंप’ के जरिये उनकी लोकेशन ट्रैक करने की कोशिशें नाकाम हो जाएं।
हैंडसेट डिवाइस की हो रही जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साइबर और सर्विलांस यूनिट अब हैंडसेट की पहचान और डिवाइस-लेवल के सुरागों पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। इसमें IMEI नंबर की जांच भी शामिल है, ताकि इस्तेमाल किए गए SIM कार्ड चाहे जो भी हों, फोन को सीधे आरोपियों से जोड़ा जा सके। इसके अलावा, टीमें आरोपियों के डिजिटल फुटप्रिंट (इंटरनेट पर छोड़े गए निशान), उनके संपर्क नेटवर्क और SIM कार्ड खरीदने की संभावित जगहों की भी जांच कर रही हैं।
पुलिस टीम को फ्लैट तक ले गई लड़की
सोमवार को लखनऊ पुलिस की एक टीम युवती और उसके माता-पिता को जौनपुर से लखनऊ ले आई। इसका मकसद घटनाक्रम को दोबारा समझना और उस जगह की पहचान करना था, जहां कथित तौर पर यह अपराध हुआ था। युवती पुलिस टीम को सुशांत गोल्फ सिटी में स्थित EWS PM आवास योजना कॉम्प्लेक्स के एक किराए के फ्लैट तक ले गई। इसी फ्लैट में आरोपियों में से एक सनी अपने साथियों के साथ रहता हैं। युवती ने यहीं पर अपने साथ गैंगरेप किए जाने का आरोप लगाया है।
शिवम यादव को जानती थी युवती
घटनास्थल के मुआयने के दौरान युवती काफी सहमी हुई और सदमे में लग रही थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सहायता कर्मियों ने उसकी काउंसलिंग की। इस घटना से पहले पीड़िता आरोपियों में से एक शिवम यादव को पहले से जानती थी।
आरोपियों का नहीं मिला कोई आपराधिक रिकॉर्ड
साउथ जोन के DCP अमित आनंद ने बताया कि युवती का बयान अभी मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज नहीं कराया गया है। हमारी पहली प्राथमिकता आरोपियों को गिरफ्तार करना है। शुरुआती जांच में अब तक आरोपियों का कोई भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
15 मई को दिल्ली के लिए रवाना हुई थी छात्रा
FIR के मुताबिक, दिल्ली यूनिवर्सिटी की 19 साल की प्रथम वर्ष की छात्रा छुट्टियां खत्म होने के बाद 15 मई को जौनपुर स्थित अपने पैतृक गांव से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उसने जाफराबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ी थी। सफर के दौरान, उसने 20 साल के शिवम यादव से संपर्क किया, जिसे उसने अपने गाँव का पुराना जान-पहचान वाला बताया।
कोल्ड कॉफी पीकर आने लगी नींद
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिवम और एक और युवक सनी यादव उससे चारबाग रेलवे स्टेशन पर मिले। वे लोग उसे कैब से गोल्फ सिटी इलाके में एक प्राइवेट अस्पताल के पास बने किराए के फ्लैट में ले गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे कोल्ड कॉफी दी गई, जिसके बाद उसे नींद आने लगी। 15-16 मई की रात को उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
तीन दिनों तक होता रहा यौन उत्पीड़न
युवती का आरोप है कि अगले दो दिनों तक भी यह उत्पीड़न जारी रहा और इसमें एक तीसरे अनजान युवक भी शामिल था, जिसे बाद में कमरे में लाया गया था। उसे इस घटना के बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
ब्युरो रिपोर्ट




