छत्तीसगढ़

दोहरे हत्याकांड में आरोपी को दो बार आजीवन कारावास, निरीक्षक पारस पटेल की उत्कृष्ट विवेचना आई काम

19 गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने खोली आरोपी की करतूत, कीटनाशक मिली शराब पिलाकर की थी दो लोगों की हत्या।

जांजगीर-चांपा। – जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भठली में कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या करने के सनसनीखेज मामले में न्यायालय ने आरोपी को दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस गंभीर दोहरे हत्याकांड में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल की सूक्ष्म विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और प्रभावी पुलिस कार्रवाई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शराब बिक्री के विवाद में रची हत्या की साजिश
प्रकरण के अनुसार, शराब बिक्री को लेकर सुंदरलाल कुर्रे से हुए विवाद के चलते आरोपी ने 6 मार्च 2025 को देशी शराब की शीशी में कीटनाशक मिलाकर सुंदरलाल के घर पहुंचाई थी। सुंदरलाल द्वारा शराब पीने से मना करने पर आरोपी ने वहां मौजूद सीताराम लहरे और रोहित कुमार तेंदुलकर को वह शराब दे दी। जहरीली शराब का सेवन करने से दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

वैज्ञानिक साक्ष्यों ने मजबूत किया अभियोजन का पक्ष

मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल द्वारा गंभीरता और सूक्ष्मता के साथ की गई। विवेचना के दौरान घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। कीटनाशक के डिब्बे सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई तथा एफएसएल रिपोर्ट को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया।
अभियोजन पक्ष ने न्यायालय के समक्ष 19 गवाहों के बयान और वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध संदेह से परे प्रमाणित हुआ।

प्रभावी विवेचना से मिली कठोर सजा

इस दोहरे हत्याकांड में निरीक्षक पारस पटेल की उत्कृष्ट विवेचना और पुख्ता साक्ष्य संकलन निर्णायक साबित हुए। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और अभियोजन पक्ष की सशक्त पैरवी के परिणामस्वरूप न्यायालय ने आरोपी को दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यह मामला दर्शाता है कि गंभीर अपराधों में निष्पक्ष, वैज्ञानिक और तथ्यपरक विवेचना अपराधियों को सजा दिलाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button