राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

मेरे परिवार को गाली दी’, थप्पड़कांड पर आया प्रवेश वर्मा का बयान, AAP विधायक पर लगाए कमीशन मांगने के आरोप

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा का जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, उस थप्पड़ वाले वीडियो पर प्रवेश वर्मा ने अपना वीडियो जारी किया है। PWD मंत्री ने वीडियो में कहा है कि उनके परिवार को गालियां दी जा रही थीं। उन्होंने AAP विधायक पर कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया है।

नई दिल्ली: दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार किया है। AAP ने उनका एक वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि प्रवेश वर्मा ने सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारा है। आम आदमी पार्टी के इस आरोप पर पलटवार करते हुए प्रवेश वर्मा ने तिलक नगर के AAP विधायक जरनैल सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि एक वीडियो जो आम आदमी पार्टी वाले चला रहे हैं, उसके पीछे की सच्चाई जान लीजिए। जरनैल सिंह के कार्यकर्ताओं ने मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया तो कोई भी व्यक्ति आवेश में आकर जो करेगा वो मैंने किया।

विधायक जरनैल सिंह ने PWD विभाग के इंजीनियर्स को कहा था कि हमें सड़क के ठेकेदारों से मिलवाइए और उनसे कमीशन दिलवाइए। जरनैल सिंह काफी दिनों से उन्हें ये सब बोल रहे थे। हमारे इंजीनियर ने उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन में जाकर कंप्लेंट दी है, हम उनके खिलाफ FIR दर्ज करा रहे हैं। जब जरनैल सिंह को कोई कमीशन नहीं मिला तो जैसे ही रात को रोड डलती थी, वो सुबह जाकर उसे उखाड़ने का काम करते थे और करप्शन होने का वीडियो बनाकर डाल रहे थे।

कार्यकर्ताओं को सूचना देकर आए जरनैल सिंह

दिल्ली के PWD मंत्री ने आगे कहा कि विकासपुरी रिंग रोड के ऊपर पिछले कई दिनों से रोड बनाने का काम चल रहा है। आज जब मैं उस रास्ते से गुजर रहा था तो मैंने इंजीनियर्स को कहा कि मैं पूरे काम को देखना चाहता हूं। मैंने वहां जाकर देखा कि काम बहुत अच्छे से चल रहा है। मैंने तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को 3 बार फोन किया। मैंने पूरे 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। मैंने वहां के अपने कार्यकर्ताओं को नहीं बुलाया। लेकिन जब जरनैल सिंह पहुंचे तो वो अपने कार्यकर्ताओं को सूचना देकर आए थे। उन्होंने आते ही वहां पर बद्तमीजी शुरू कर दी।

कोई कमीशन मांगेगा तो बर्दाश्त नहीं- प्रवेश वर्मा

प्रवेश वर्मा ने कहा कि उनके (विधायक जरनैल सिंह) कार्यकर्ताओं ने जब मेरे परिवार को गालियां देनी शुरू की तो कोई भी व्यक्ति आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया। मैं आम आदमी पार्टी से कहना चाहता हूं कि आप जो काम नहीं कर पाए आज वो हमारी सरकार कर रही है। इसलिए आपके पेट में दर्द हो रहा है। अगर कोई भी मेरे परिवार को कुछ बोलेगा या सरकारी काम में बाधा डालेगा और हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगेगा तो ये हमसे बर्दाश्त नहीं होगा। ये आज की पूरी घटना की सच्चाई है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button