छत्तीसगढ़

छ. ग.श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की बैठक सम्पन्न राजेश प्रसाद गुप्ता को सर्व सम्मति से मिली सरगुजा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी।

राजेश प्रसाद गुप्ता बने छ,ग,श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के सरगुजा जिला अध्यक्ष संभाग स्तरीय बैठक में हुई घोषणा, पत्रकारों की एकजुटता व अधिकारों की रक्षा पर दिया गया जोर।

अम्बिकापुर। पत्रकारों के संगठनात्मक सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से आयोजित संभाग स्तरीय बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए युवा पत्रकार राजेश प्रसाद गुप्ता को श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ, सरगुजा का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति संघ के प्रदेश अध्यक्ष बी. डी. निजामी के निर्देशानुसार की गई, जिसकी औपचारिक घोषणा अंबिकापुर स्थित होटल इंद्र शांति में आयोजित बैठक के दौरान की गई।
बैठक में संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इजहार अहमद, सरगुजा संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता तथा संभाग महासचिव खगेंद्र यादव की अनुशंसा पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक का आयोजन पत्रकारों की एकजुटता, पेशेवर चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर व्यापक चर्चा के लिए किया गया था, जिसमें संभाग के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभाग अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का क्षेत्र अनेक चुनौतियों से घिरा हुआ है। पत्रकारों को कई बार प्रशासनिक दबाव, सामाजिक दुष्प्रभाव तथा विभिन्न परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे दौर में एक मजबूत और सक्रिय संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है, जो पत्रकारों को न केवल सुरक्षा प्रदान करे बल्कि उन्हें निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करने के लिए प्रेरित भी करे। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिले के पूर्व जिला अध्यक्ष को असंवैधानिक बैठक में शामिल रहने और संगठनात्मक कारणों से पद से मुक्त किया गया है, जिसके बाद प्रदेश तदर्थ समिति के निर्देशानुसार नई नियुक्ति की गई है।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इजहार अहमद ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि वे सत्य, तथ्यपरक और प्रमाणिक खबरों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि भ्रामक और अपुष्ट खबरों से बचना चाहिए, क्योंकि जनता का भरोसा मीडिया की विश्वसनीयता पर टिका होता है और यह विश्वास वर्षों की मेहनत से बनता है। इसे बनाए रखना सभी पत्रकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राजेश प्रसाद गुप्ता ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के शहरी तथा ग्रामीण अंचलों में कार्यरत पत्रकारों को संगठन से जोड़ने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं का समाधान सामूहिक रूप से किया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और पेशेवर विकास के लिए निरंतर कार्य करेगा।


बैठक में उपस्थित अतिथियों और पत्रकार साथियों ने नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए आगामी रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि समय-समय पर नियमित बैठकें आयोजित कर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


बैठक का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा करना, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देना तथा संगठन के विस्तार के माध्यम से पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल करना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सतत कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कोरिया जिला अध्यक्ष कमरून निशा, बलरामपुर जिला अध्यक्ष अनिल सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष विकास राजवाड़े, ब्लॉक अध्यक्ष उद्देश्य साहू, पत्रकार प्रफुल्ल कुमार यादव, इमरान अंसारी, विकास अग्रवाल, जानिसार अख्तर, प्रमाण राजवाड़े, हाशिम अंसारी, सीतेश सिरदार,जय सिंह सूरज जायसवाल, सूरज सोनवानी, महफूज हैदर, ओम नारायण सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे। बैठक में पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, संगठनात्मक विस्तार और पत्रकार हितों की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संवाद देखने को मिला, जो भविष्य में संगठन की सक्रिय भूमिका का संकेत देता है।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button