नगर निगम चिरमिरी में गहराया जल संकट, वार्डवासियों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए किया चक्काजाम, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी।

चिरमिरी : चिरमिरी नगर निगम में बढ़ते जल संकट को लेकर को वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. पानी की गंभीर समस्या से परेशान सैकड़ों महिला-पुरुष और बुजुर्ग सड़क पर उतर आए. सभी लोगों ने मिलकर बड़ा बाजार गोदरीपारा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया. प्रदर्शनकारियों ने खाली पानी के डिब्बे और बर्तन लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
पानी के लिए प्रदर्शन
पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को रहवासियों ने धरना प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तपती धूप में सड़क पर बैठकर विरोध जताते रहे. प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

जल संकट को लेकर तपती धूप में धरनें पर बैठे वार्डवासी किया चक्का जाम
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन दोपहर तक नगर पालिक निगम का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था. इससे लोगों में प्रशासन के प्रति और अधिक नाराजगी देखने को मिली.
चिरमिरी नगर निगम में जल संकट
जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा.हम लोग कई दिनों से पानी की समस्या को लेकर निगम के पास जा रहे हैं.लेकिन अब जब हमारा समाधान नहीं हुआ तो हम लोगों ने चक्काजाम किया है.- हमाम मिश्रा,स्थानीय
आपको बता दें कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही चिरमिरी के लगभग 40 वार्डों में पेयजल संकट गहरा गया है.नियमित जल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है.
कई दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है.हमें बहुत परेशानी हो रही है, इसलिए मजबूरी में सड़क पर उतरना पड़ा- राहुल भाई पटेल, पार्षद
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चिरमिरी में जल संकट ने गंभीर रुप ले लिया है. कई बार प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया है.लेकिन कोई भी समाधान नहीं हुआ. चिरमिरी में बढ़ता जल संकट अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है. यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह विरोध और उग्र हो सकता है. फिलहाल लोगों की नजर प्रशासन के आश्वासन और कार्रवाई पर टिकी हुई है.
ब्युरो रिपोर्ट



