अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

रायपुर प्रेम प्रसंग के चलते युवक को जिन्दा दफनाया, महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार।

रायपुर / – रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरेंगाभाठा-नवागांव मार्ग किनारे मुरूम खदान में दफन मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक की पहचान नितेश बत्रा के रूप में हुई है। हत्या के इस मामले में एक महिला और दो नाबालिग सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

जिंदा दफनाने से हुई मौत

मामले की जानकारी मिलने पर अभनपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की गर्दन पर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी और अधमरी हालत में उसे दफनाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

प्रेम प्रसंग में हत्या

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो विधि के साथ संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था।

घटना 16 मार्च की रात की है, जब श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर पहुंचा था। उसी दौरान नितेश बत्रा वहां मौजूद था और घर की ओर देख रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हत्या तक पहुंच गया।

ऑटो में ले जाकर की बेरहमी से हत्या

इसके बाद आरोपी अपने साथियों को लेकर आए और नितेश बत्रा को जबरन ऑटो में बैठाकर खोरपा-खट्टी-ढोढ़रा के बीच एक तालाब के पास ले गए। वहां सभी ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की और गले में गमछा कसकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर जिंदा दफना दिया और फरार हो गए।

एक आरोपी फरार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लकड़ी, ऑटो वाहन समेत अन्य सामान जब्त कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button