खेल

15 साल की उम्र में कितने कारनामे करेंगे वैभव सूर्यवंशी, आईपीएल के एक और बड़े रिकॉर्ड से कुछ कदम दूर

नई दिल्ली: आईपीएल में हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और टूट रहे हैं लेकिन इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। वैभव न केवल रनों की बरसात कर रहे हैं, बल्कि आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे बेस्ट स्ट्राइक रेट (कम से कम 100 रन) के ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।

वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर रिकॉर्ड

फिलहाल यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम है, जिन्होंने आईपीएल 2024 में 234.04 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी इस सूची में 232.27 के स्ट्राइक रेट के साथ दूसरे पायदान पर मजबूती से जमे हुए हैं। बड़ी बात यह है कि जहां इस लिस्ट के बाकी बल्लेबाजों ने निचले क्रम में आकर कम गेंदें खेली थीं या छोटी पारियां खेली थीं, वहीं वैभव एक ओपनर के तौर पर लगातार बड़ी और विस्फोटक पारियां खेल रहे हैं।

शानदार फॉर्म में हैं वैभव

वह जेक फ्रेजर-मैकगर्क के रिकॉर्ड से महज कुछ ही अंक पीछे हैं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में अब तक 14 मैचों में शिरकत की है। इस दौरान उन्होंने 40 से ज्यादा के औसत के साथ 583 रन कूटे हैं। उनका यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इस दौरान अपनी टीम को न सिर्फ शानदार शुरुआत दिलाई बल्कि टी20 क्रिकेट के इतिहास में बतौर टीनएजर एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

1 जेक फ्रेजर-मैकगर्क 234.04 IPL 2024
2 वैभव सूर्यवंशी 232.27 IPL 2026
3 एमएस धोनी 220.54 IPL 2024
4 राशिद खान 216.66 IPL 2023
5 टिम डेविड 216.27 IPL 2022

सीजन में ठोके हैं 53 छक्के

उनके बल्ले से इस सीजन में 53 गगनचुंबी छक्के निकल चुके हैं। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है जहां एलिमिनेटर मुकाबले में उनका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। इसका मतलब है कि वैभव सूर्यवंशी के पास इस सीजन में अभी कम से कम एक या उससे अधिक मैच खेलने का मौका है। यदि आगामी मैचों में वैभव अपनी इसी आक्रामक बल्लेबाजी को बरकरार रखते हैं और कुछ और तूफानी पारियां खेलते हैं तो वह फ्रेजर-मैकगर्क के स्ट्राइक रेट को पीछे छोड़ देंगे।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button