विश्व पर्यटन दिवस पर जगन्नाथ मंदिर में गूंजी स्वच्छता की अलख
एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र ने चलाया विशेष सफाई अभियान, मंदिर समिति को दिए डस्टबिन व स्वच्छता किट

चिरमिरी/एमसीबी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को स्वच्छता ही सेवा एवं विशेष अभियान 6.0 के तहत एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र द्वारा चिरमिरी के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल जगन्नाथ मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के साथ श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री रमेश बसंत सिंधूर के साथ विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, सफाई मित्र तथा जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक एवं अधिकारियों द्वारा भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं पूजन के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान महाप्रबंधक रमेश बसंत सिंधूर ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक या पर्यटन स्थल की सुंदरता और गरिमा बनाए रखने में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्वच्छ पर्यटन स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के साथ ही समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन, संस्थानों, स्थानीय समुदाय और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसी भावना के साथ एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र द्वारा अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से जोड़ा गया।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। साथ ही आगंतुकों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान को केवल सफाई तक सीमित न रखते हुए स्वच्छ पर्यटन की अवधारणा को जन-भागीदारी से मजबूत करने का संदेश दिया गया।
मंदिर समिति को स्वच्छता किट और डस्टबिन
महाप्रबंधक श्री सिंधूर द्वारा जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति को स्वच्छता किट एवं डस्टबिन प्रदान किए गए। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करना तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए कचरे के उचित निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
वहीं, अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले सफाई मित्रों को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर सफाई मित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा गया कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के समापन पर जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति ने एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जगन्नाथ मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल में स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाने को जनोपयोगी पहल बताते हुए एसईसीएल के प्रयासों की सराहना की।
अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
ब्यूरो रिपोर्ट




