अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

अकलतरा के गुरुघासीदास मोहल्ला में घर के तहखाने और गुप्त कमरों से 184 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी टेकूलाल बंजारे गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में 2 अक्टूबर शुष्क दिवस के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंण्डन यार्ड के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अकलतरा पुलिस को 28 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि टेकूलाल बंजारे (41) पिता परदेशी बंजारे निवासी वार्ड क्रमांक 12, अकलतरा, गुरुघासीदास मोहल्ला, थाना अकलतरा द्वारा 2 अक्टूबर शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बिक्री करने के उद्देश्य से अपने घर के भीतर तहखाने एवं गुप्त कमरों में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी के मकान में विधिवत रेड कार्रवाई की गई। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की। जब्त शराब में 180 एमएल देशी प्लेन मंदिरा शोले ब्रांड शराब 610 नग, रोमियो देशी प्लेन मंदिरा शराब 128 नग, सुपर-30 देशी प्लेन मंदिरा शराब 21 नग, शेरा देशी मसाला शराब 7 नग, सुपर-30 मसाला शराब 17 नग, जम्मू स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की 71 नग, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की 57 नग, गोवा स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की 09 नग, मेकडॉवेल नंबर-1 अंग्रेजी शराब 23 नग, सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर 22 नग शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 88,550 रुपए है।

शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 587/2026, धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी टेकूलाल बंजारे को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद 29 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, एएसआई दाउलाल बरेठ, प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, आरक्षक शेषनारायण साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा एवं कृष्णा पटेल का योगदान रहा।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button