अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, मुंह में मिले प्लास्टिक के टुकड़े से खुला राज

रायगढ़ / – रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हैरानी की बात यह है कि जिस शख्स ने खुद को चश्मदीद गवाह बताया, वही असल में कातिल निकला। पुलिस की वैज्ञानिक जांच ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया, 9 मार्च की रात ग्राम मिलूपारा में चौकीदार लखन उर्फ धरभईया चौधरी का शव खेत की मेड़ पर मिला था। शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर एफएसएल और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की।
मृतक का साथी अजहर अली खुद को गवाह बताकर 4-5 अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की कहानी सुनाता रहा। लेकिन पुलिस जांच में आसपास किसी बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं मिली। बार-बार बयान बदलने से पुलिस का शक गहराता गया।पोस्टमार्टम में मृतक के मुंह में मिला प्लास्टिक का टुकड़ा अहम सुराग बना। वैज्ञानिक पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने कबूल किया कि खाना बनाने के विवाद में उसने टॉर्च से हमला कर और गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस ने टॉर्च बरामद कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
ब्युरो रिपोर्ट



