छत्तीसगढ़

नदी के तेज बहाव में बहे तीन मासूम, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी।

बिलासपुर / – बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। बताया जा रहा है कि डीपी स्कूल में छुट्टी के बाद बच्चे मुख्य रास्ते से जाने के बजाय शॉर्टकट रास्ते से घर लौट रहे थे। यही रास्ता नदी की ओर जाता है। इसी दौरान अचानक तीनों बच्चे नदी के तेज बहाव में फंस गए और बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजन मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक अनमोल जायसवाल, उम्र 7 साल, सिद्धि जायसवाल, उम्र 8 साल और रिद्धि जायसवाल, उम्र 8 साल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चों ने शॉर्टकट रास्ता अपनाया था, इसी दौरान नदी के पास पहुंचने पर वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से भी नदी के आसपास बच्चों की तलाश की गई।

रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन के दौरान रिद्धि जायसवाल का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं अनमोल और सिद्धि का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों लापता बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी के अलग-अलग हिस्सों और संभावित स्थानों पर लगातार सर्चिंग कर रही हैं। तेज बहाव के बीच रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके तलाश अभियान लगातार जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और लापता दोनों बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी के बहाव और आसपास के इलाकों को लगातार खंगाल रही है। फिलहाल अनमोल और सिद्धि की तलाश जारी है और सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन के नतीजे पर टिकी हुई हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button