बनारस की गलियों में आम आदमी बन गए CM मोहन यादव, कचौड़ी-जलेबी का लिया स्वाद, सादगी देख लोग हुए हैरान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी दौरे के दौरान अपनी सादगी के लिए चर्चा में हैं। एयरपोर्ट जाते समय अचानक काफिला रुकवाकर उन्होंने स्थानीय दुकान पर कचौड़ी और 'राम भाजी' का लुत्फ उठाया। सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीरें जमकर वायरल हो रही।

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी सादगी और आमजन के बीच सहजता के लिए जाने जाते हैं। इसका ताजा उदाहरण उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री का एक अलग ही ‘देसी अंदाज’ नजर आया। दरअसल, डॉ. यादव का काफिला जब एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहा था, तभी वे अचानक मिंट हाउस स्थित मशहूर ‘श्रीराम भंडार’ पर रुक गए और वहां के स्थानीय व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया।
जनता के बीच चखी कचौड़ी
देखा जाए तो राजनीति के प्रोटोकॉल अक्सर नेताओं को जनता से दूर रखते हैं, लेकिन डॉ. मोहन यादव ने इन बेड़ियों को तोड़ते हुए बनारस की मशहूर कचौड़ी, पूरी-राम भाजी और जलेबी का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर दुकानदार और वहां मौजूद लोग दंग रह गए। बता दें कि डॉ. यादव ने न केवल नाश्ता किया, बल्कि वहां मौजूद आम लोगों से बड़ी आत्मीयता के साथ संवाद भी किया।
‘हर शहर का स्वाद उसकी पहचान’
नाश्ते के दौरान मुख्यमंत्री काफी प्रसन्न नजर आए। उन्होंने कहा कि भारत के हर प्रांत और शहर की अपनी एक विशिष्ट खान-पान संस्कृति होती है, जो वहां की असली पहचान को दर्शाती है।
सोशल मीडिया पर हो रही है तारीफ
डॉ. मोहन यादव का यह कदम ब्रांड बिल्डिंग और पब्लिक कनेक्ट का बेहतरीन उदाहरण है। सोशल मीडिया पर लोग इन तस्वीरों को साझा करते हुए लिख रहे हैं कि ‘ऐसा पहली बार देखा है कि किसी राज्य का मुखिया बिना किसी तामझाम के सड़क किनारे बैठकर नाश्ता कर रहा है।’ लोगों का कहना है कि डॉ. यादव से मिलकर लगा ही नहीं कि वे किसी मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं।




