एमसीबी मनेन्द्रगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई मंदिर से चोरी हुआ चांदी का मुकुट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।

एमसीबी / मनेंद्रगढ़ – जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति सजग एमसीबी पुलिस ने एक बार फिर तत्परता का परिचय देते हुए मंदिर में हुई चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता संदीप कुमार मिश्रा, निवासी वार्ड क्रमांक 18 चनवारीडांड, जो कि चोला मंडलम कंपनी में फायनेंस का कार्य करते हैं तथा स्थानीय हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ एवं देखरेख का दायित्व निभाते हैं, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मार्च को दोपहर लगभग 2 बजे मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दरवाजा बंद कर घर चले गए थे।
शाम करीब 5 बजे जब वे पुनः मंदिर पहुंचे और साफ-सफाई करने लगे, तब उन्होंने देखा कि भगवान की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट गायब है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर से मुकुट चोरी कर लिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के शेष नारायण मिश्रा, विरेन्द्र सिंह, मनोज मिश्रा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान कर कार्रवाई करते हुए आरोपी नौसाद अली आ.मो.महमूद अली उम्र 30 वर्ष निवासी वार्ड नं. 18 मलाई भट्ठा तथा साहिल गुप्ता आ.धर्मेद्र गुप्ता उम्र 28 वर्ष निवासी एफसीआई गोदाम के पीछे मनेंद्रगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट भी बरामद कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(3),305(D) बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई।
सम्पूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक दीपेश सैनी, प्रधान आरक्षक विवेकमणि तिवारी, आरक्षक राकेश शर्मा, दीप तिवारी एवं नगर सैनिक विनीत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एमसीबी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
ब्युरो रिपोर्ट



