मृत भालू के नाखून काटकर ले गए दो आरोपी गिरफ्तार।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मरवाही वन परिक्षेत्र के उसाढ़ परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 2035 में मृत मिले भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 3 सितंबर को वन विभाग को जंगल में भालू के मृत मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब मिले। इसके बाद वन विभाग ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और डॉग स्क्वॉड की मदद से इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान ग्राम बरौर निवासी 54 वर्षीय सुदर्शन यादव और 20 वर्षीय सूरज साहिस को पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए, जिन्हें वन विभाग ने जब्त कर लिया है।आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वहीं, वन विभाग की मौजूदगी में मृत भालू का पोस्टमार्टम कराया गया। पशु चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया भालू की मौत का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया है। पोस्टमार्टम के बाद भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया।वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल में किसी वन्यजीव के मृत मिलने पर उसके शव या अंगों से छेड़छाड़ न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
ब्यूरो रिपोर्ट



