दुर्ग में बड़ा खुलासा! पिकअप के सीक्रेट चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये।

दुर्ग / – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से चार करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। हैरानी की बात यह है कि रकम को गाड़ी के पिछले हिस्से में मॉडिफाई कर बनाए गए एक सीक्रेट चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, रकम के स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना दी गई है।
दरअसल, पूरा मामला दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है। जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।

: वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी, जो वाहन चला रहा था, और विष्णुदेव दुबे बताया। पुलिस ने जब गाड़ी की सघन तलाशी ली, तो उसके पिछले हिस्से में मॉडिफाई कर बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला।
चेंबर खोलकर तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने जब रकम की गिनती कराई, तो कुल चार करोड़ रुपये सामने आए। इतनी बड़ी रकम वाहन में छिपाकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
: फिलहाल पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्वामित्व, उसके स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में वित्तीय स्रोतों और अन्य तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है।
: फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है। अब देखना होगा कि चार करोड़ रुपये की इस भारी-भरकम रकम का स्रोत क्या निकलकर सामने आता है और जांच में आगे कौन-कौन से तथ्य उजागर होते हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट




