अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में आदिवासी लड़की से मारपीट, सर्व आदिवासी समाज की चेतावनी, 10 दिनों में हो आरोपी की गिरफ्तारी।

दंतेवाड़ा: किराना दुकान में काम करने वाली आदिवासी बच्ची से मारपीट का आरोप, सर्व आदिवासी समाज ने दुकान के मालिक पर लगाया है. सर्व आदिवासी समाज का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. समाज के प्रमुखों का कहना है कि अगर पीड़ित बच्ची को न्याय नहीं मिला तो वो उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन पर होगी. पीड़ित परिवार के पक्ष में सर्व आदिवासी समाज ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कड़ी चेतावनी भी दी.

आदिवासी लड़की से मारपीट

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज जिला कार्यकारी अध्यक्ष कामो कुंजाम ने बताया कि पीड़िता एक राशन दुकान में हेल्पर के रूप में काम करती है. जहां पर दुकान के मालिक ने उसके साथ मारपीट की है. कामो कुंजाम का आरोप है कि घटना की शिकायत पीड़ित परिवार ने थाने में भी की, लेकिन पुलिस ने अबतक कोई कार्रवाई नहीं की है. सर्व आदिवासी समाज का कहना है कि जबतक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती वो परिवार के पक्ष में खड़े रहेंगे.

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

शनिवार देर रात पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सर्व आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे. समाज प्रमुखों ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही. समाज प्रमुखों ने कहा कि पीड़ित परिवार को तभी न्याय मिलेगा जब आरोपी दुकान मालिक की गिरफ्तारी होगी और कड़ी सजा मिलेगी. समाज से जुड़े लोगों ने कहा कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

पीड़ित के पिता को न्याय दिलाने के लिए हम उग्र आंदोलन करेंगे. पुलिस अगर हमारी बात नहीं सुनती है तो उसकी जवाबदारी पुलिस की होगी. छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संघर्ष करेगा: राजाराम वट्टी, छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज

8 तारीख की घटना है, ब्लॉक अध्यक्ष के माध्यम से हमें आदिवासी बच्ची के साथ मारपीट की घटना की जानकारी मिली. पुलिस को सूचना देने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस ने बताया है कि जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित परिवार को अगर 10 दिन के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो सर्व आदिवासी समाज बड़ा प्रदर्शन करेगी. पुलिस सही से कार्रवाई नहीं करती है तो हम चेतावनी देते हैं कि बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस पर होगी: कामो कुंजाम, छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज

आरोपी ने मेरी बेटी के साथ मारपीट किया. मेरी बेटी को किडनैप कर ले गया और उसे प्रताड़ित किया. हम लोग बच्ची को यहां खोज रहे थे, लेकिन बच्ची को वो अपने साथ ले गया था. हमने एसपी दफ्तर में भी जाकर भी शिकायत की. बच्ची के साथ गलत हुआ है. पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे हम ये चाहते हैं. आरोपी किसी कीमत पर बचना नहीं चाहिए, उसकी गिरफ्तारी जरूरी है: पीड़ित के पिता

एडिशनल एसपी जितेंद्र कुटे का बयान

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एडिशनल एसपी जितेंद्र कुटे ने कहा, ”पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना से जुड़े हर पहलू की जांच जारी है जो भी इस मामले में दोषी होगा उसपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.”

मूल निवासी जनजातीय समुदायों का ताकतवर सामाजिक संगठन

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज राज्य के मूल निवासी जनजातीय समुदायों का एक प्रमुख और ताकतवर सामाजिक संगठन है। यह संगठन छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए काम करता है.

कहां करें आदिवासी समाज के लोग शिकायत

आदिवासी समाज या अनुसूचित जनजाति (ST) के लोगों के साथ उत्पीड़न, अत्याचार या अधिकारों के हनन पर न्याय पाने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14566 पर कॉल करें। इसके अलावा स्थानीय पुलिस स्टेशन, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) या जिला मजिस्ट्रेट (DM) के पास शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

           ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button