चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार….

बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा प्रहार किया है… घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया… आरोपी के कब्जे से नकदी और धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
मामला नूतन चौक का है, जहां प्रार्थी हेमंत कुमार यादव सुबह चाय पीने पहुंचे थे… इसी दौरान आरोपी अतुल यादव ने उनकी जेब में रखे पैसों पर नजर रखी और वापसी के दौरान नूतन कॉलोनी सामुदायिक भवन के पास चाकू दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया… इसके बाद आरोपी ने करीब 50 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया… शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अतुल यादव को गिरफ्तार कर लिया… पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि लूटी गई रकम में से अधिकांश खर्च कर चुका है… उसके पास से 7400 रुपये और एक स्प्रिंगदार धारदार चाकू बरामद किया गया है… पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ब्युरो रिपोर्ट




