सरगजा अमेरा कोयला खदान क्षेत्र में अवैध कोयला खनन : खदान क्षेत्र में ग्रामीण की मौत….

अम्बिकापुर / – सरगुजा जिले के अमेरा कोयला खदान क्षेत्र में अवैध खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। खदान के आसपास 70 से 80 फीट गहरे खतरनाक गड्ढे खोदकर अवैध तरीके से कोयला निकालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मिट्टी धंसने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम लोसंगी निवासी भाकू के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन चल रहा है। रोजाना सैकड़ों क्विंटल कोयला अवैध रूप से खोदकर मोटरसाइकिलों के जरिए परिवहन किया जाता है और आसपास के ईंट भट्टों में खपाया जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क में कई स्थानीय ग्रामीणों की संलिप्तता की भी बात सामने आ रही है।
जान जोखिम में डालकर युवक और मजदूर सुरंगनुमा गड्ढों में उतरकर कोयला निकालने का काम कर रहे हैं। बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के चल रहे इस अवैध कारोबार ने क्षेत्र को बड़े खतरे की ओर धकेल दिया है, जहां कभी भी कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
इस घटना के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। वहीं अवैध कोयले की सप्लाई लखनपुर क्षेत्र के ईंट भट्टों, चिमनी भट्टों और होटलों तक पहुंचने की बात सामने आई है। पूरा मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
ब्युरो रिपोर्ट


