बिलासपुर :- एकतरफा प्यार में सनकी आशिक का खूनी खेल , बेटी से शादी नहीं हुई तो पिता पर चला दिया चाकू… कॉलेज के सामने दिनदहाड़े हुई वारदात का मंजर CCTV में हुआ कैद, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार..

बिलासपुर / – शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड माता चौक के पास एसबीटी कॉलेज के सामने सोमवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। एकतरफा प्रेम प्रसंग और युवती से शादी नहीं होने से नाराज सनकी आशिक ने बीच बाजार युवती के पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया किसी तरह युवती के पिता ने आरोपी से अपनी जान बचाई इस दौरान हमला कर आरोपी मौके से भी फरार हो गया। इस खूनी वारदात से जुड़ा सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता कि गाड़ी रिपेयरिंग करवाने के दौरान आरोपी ने अचानक हाथ में रखे चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार घायल मोहीदास माणिकपुरी एसबीटी कॉलेज के सामने अपनी गाड़ी की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान आरोपी साहिल मरावी वहां पहुंचा और कथित तौर पर पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों का आरोप है कि साहिल मरावी उनकी बेटी से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती और परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद से आरोपी लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था। परिजनों का यह भी कहना है कि युवती को पहले भी परेशान किया गया और परिवार को कई बार धमकियां दी गई थीं। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस तत्काल हरकत में आई और आरोपी साहिल मरावी की तलाश शुरु की। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस से बचने के प्रयास में भागते समय गिरने से उसके पैर में भी चोट लगी है। जिसे इलाज के लिए पुलिस सुरक्षा में अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे की जा रही है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
ब्युरो रिपोर्ट



