छत्तीसगढ़

एमसीबी प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का मनेन्द्रगढ़ के होटल हसदेव इन में हुआ भब्य शपथ ग्रहण समारोह ।

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एमसीबी राजेंद्र कुमार वर्मा, सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार ने शपथ अधिकारी के रूप में भाग लिया।

मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिला प्रेस क्लब द्वारा वर्ष 2026 के लिये द्वितीय शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम मनेन्द्रगढ़ स्थित होटल हसदेव इन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एमसीबी राजेंद्र कुमार वर्मा, सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार ने शपथ अधिकारी के रूप में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर नगर निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा तथा एमसीबी प्रेस क्लब के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार रंजीत सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। समारोह में उपस्थित अतिथियों का प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा बैच लगाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने दिया जबकि विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।

शपथ अधिकारी न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार वर्मा और सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी ने प्रेस क्लब के निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष रंजीत सिंह, सचिव गुरदीप अरोरा, कोषाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा, सरवर अली, विनीत जायसवाल, संयुक्त सचिव सुरेश मिनोचा, दुलाल डे, देवेंद्र पांडेय, सह सचिव नसरीन असरफी, सुनील शर्मा सहित प्रबंध कार्यकारिणी के अन्य सदस्य शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों को पत्रकारिता के उच्च मापदंडों का पालन करते हुए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रतन जैन (चिरमिरी) को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिये शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये ग्रीन वैली संस्था के नरोत्तम शर्मा तथा कोरिया जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने में योगदान देने वाले ट्रैफिक मैन डॉ. महेश मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण ताकत है और समाज के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए समाज के सामने सच्चाई लाने का कार्य करना चाहिये। न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार वर्मा ने पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता और ईमानदारी से करने की प्रेरणा दी वहीं सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है।  कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के संरक्षक श्रीकांत शुक्ल एवं संयोजक सतीश गुप्ता ने किया जबकि आभार प्रदर्शन प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य रामप्रसाद गुप्ता ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button