छत्तीसगढ़

अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने लिया सेवा का संकल्प, 50 से अधिक लोगों ने उत्साह से किया रक्तदान मनेन्द्रगढ़ में अब तक का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर आयोजित।

मनेन्द्रगढ़। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर द्वारा मानव सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शहर में अब तक का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर साबित हुआ जिसमें 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

शिविर में प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके सेवा भाव का सम्मान किया गया जिससे समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश प्रसारित हुआ। जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने स्वयं रक्तदान कर यह संदेश दिया कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने रक्तदान के बाद कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है जो सीधे किसी की जान बचाने का माध्यम बनता है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने भी रक्तदान करते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की और इस आयोजन को समाज के लिये प्रेरणादायक बताया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर इसे मानवता की सेवा का प्रतीक बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने भी रक्तदान कर इस पहल को समाज को जोड़ने वाला कदम बताया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने का आह्वान किया वहीं अन्य युवाओं ने भी गर्व के साथ रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी पैथोलॉजिस्ट स्नेहा सिंह ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन आवश्यक है ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पुलिस विभाग के कर्मचारी और शहर के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कई लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जनहितकारी अभियान की सफलता सभी के सहयोग और सहभागिता से ही संभव हो सकी है।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button