अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बडी कारवाही 18.69 लाख की हेरोईन जब्त, पंजाब से लाकर माल खपाने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार ।

दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18.69 लाख रुपये मूल्य की हेरोईन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पंजाब से नशे का सामान लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने की तैयारी में थे और किराए के मकान में रहकर अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस को 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड भिलाई क्षेत्र में कुछ लोग हेरोईन बेचने में संलिप्त हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके बाद थाना जामुल पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से संदिग्ध मकान पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान के अंदर मौजूद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 91.9 ग्राम हेरोईन और नगदी रकम बरामद की गई। बरामद हेरोईन की कीमत करीब 18.69 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह हेरोईन पंजाब के अमृतसर से लाकर भिलाई में बेचने की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रह रहे थे और यहीं से नशे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में राजविंदर कौर (19 वर्ष), राजवीर सिंह (32 वर्ष), कुलदीप सिंह (39 वर्ष) और लवप्रीत सिंह (22 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी पंजाब के अमृतसर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) और 27 (क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस और एसीसीयू टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button