अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

कबीरधाम – फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों और UPI से रकम निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने झांसी, उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार।

कबीरधाम । साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कबीरधाम साइबर पुलिस ने फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों और UPI से रकम निकालने वाले आरोपी को झांसी, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी RTO चालान, PM आवास योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम पर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजता था। जानकारी के अभाव में पीड़ित जब इन फाइलों को मोबाइल में इंस्टॉल करते थे, तो साइबर ठगों तक उनकी बैंकिंग और UPI से जुड़ी जानकारी पहुंच जाती थी और खातों से रकम निकाल ली जाती थी।

जांच में साइबर थाना कबीरधाम में दर्ज दो मामलों में क्रमशः ₹1 लाख और ₹96,501 की ठगी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग डिटेल के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान की और झांसी में किराये के मकान से उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कुशवाहा (24), निवासी करेरा, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 मोबाइल फोन, दूसरे व्यक्ति के नाम की सिम, बैंक पासबुक, चेकबुक और ATM कार्ड बरामद किए हैं।

मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार पिछले दो महीनों में साइबर पुलिस थाना टीम ने 5 प्रकरणों में मुख्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

अपील

सावधान रहें: RTO चालान, बिजली बिल, KYC, बैंक अपडेट या सरकारी योजना के नाम पर भेजी गई किसी भी अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

ब्यूरो रिपोर्ट

 

Related Articles

Back to top button