सरगुजा को हवाई कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट शुरू

अम्बिकापुर / – सरगुजा संभाग के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब अंबिकापुर सीधे देश के बड़े शहरों दिल्ली और कोलकाता से हवाई मार्ग से जुड़ने जा रहा है। 29 मार्च से नई उड़ान सेवा की शुरुआत होगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।इंडिगो एयरलाइंस द्वारा शुरू की जा रही इस सेवा के तहत फ्लाइट नंबर 91613 और 91614 दिल्ली से अंबिकापुर होते हुए बिलासपुर तक संचालित की जाएगी। यह सेवा सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा कोलकाता से अंबिकापुर के लिए भी सीधी फ्लाइट सेवा शुरू की जा रही है, जो गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इससे सरगुजा क्षेत्र पहली बार पूर्वी भारत के बड़े महानगर से सीधे जुड़ जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ATR-72 सीटर विमान संचालन की अनुमति मिल चुकी थी, और अब नई उड़ान सेवा से इसका विस्तार किया जा रहा है।इस हवाई कनेक्टिविटी के शुरू होने से न केवल शिक्षा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गंभीर मरीजों को बड़े शहरों तक पहुंचने में भी आसानी होगी, कुल मिलाकर, अंबिकापुर के लिए यह नई उड़ान सेवा विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।
ब्युरो रिपोर्ट


