अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

कोटमी साप्ताहिक बाजार में पेंड्रा के सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, सोने चांदी के जेवर लूटकर आरोपी हुए फरार अचानक हुए इस गोली बारी से बाजार में फैली अफरातफरी।

प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने घटना को दिये अंजाम।

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोना-चांदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक, सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी बाजार में अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाश पल्सर बाइक से पहुंचे और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने बेहद करीब से प्रदीप सोनी को गोली मार दी।गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।बताया जा रहा है कि आरोपी व्यापारी का सोना-चांदी लूटकर फरार हो गए हैं। हालांकि, कितनी रकम और कितना सामान लूटा गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।हत्या से नाराज परिजनों और व्यापारियों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए शव पुलिस से छीन लिया और सड़क जाम कर दिया। सराफा व्यापारी संघ और अन्य व्यापारी संगठनों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।

फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button