शिवरीनारायण, रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर बड़ा बवाल।

जांजगीर-चांपा / – जिले की धार्मिक और व्यापारिक नगर शिवरीनारायण में महानदी से रेत के कथित अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। आरोप है कि महानदी का सीना चीरकर लगातार रेत निकाली जा रही है और इसकी शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
आज तड़के करीब 5 बजे नगर पंचायत शिवरीनारायण के कुछ पार्षद मौके पर पहुंचे और रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर चालकों को पकड़कर पूछताछ की। इसी दौरान ट्रैक्टर चालकों की ओर से कथित तौर पर ऐसी बातें सामने आईं, जिनसे मौके पर मौजूद पार्षदों में ही हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालकों ने नगर पंचायत के नाम पर किसी व्यक्ति विशेष को बड़ी रकम दिए जाने की बात कही, ताकि रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा सके। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर जनप्रतिनिधियों के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं, तो आखिर वह कौन है जो इस कथित वसूली के खेल को चला रहा है? और अगर आरोप गलत हैं, तो फिर इन आरोपों की सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई जा रही?
मौके पर कथित तौर पर दो भाजपा पार्षदों के बीच भी तीखी बहस और विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि कई अधिकारियों ने फोन तक रिसीव नहीं किया।
इसके बाद कुछ पार्षद शिवरीनारायण थाने पहुंचे और पूरे मामले को लेकर लिखित शिकायत दी है।

अब सवाल सिर्फ अवैध रेत उत्खनन का नहीं है…
सवाल यह है कि महानदी से निकल रही रेत के पीछे आखिर किसका संरक्षण है?
किसके नाम पर पैसा लिया जा रहा है?
और अगर शिकायतें लगातार पहुंच रही थीं, तो जिम्मेदार विभाग अब तक खामोश क्यों रहा?
फिलहाल आरोप-प्रत्यारोप के बाद पार्षदों के बीच तीखी बहस के बाद रेत का अवैध उत्खनन का मामला थाने की लिखित शिकायत तक पहुंच चुकी और पुलिस शिकायत के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट



