राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

रूस ने पाकिस्तान को दिया बहुत बड़ा झटका , अफगानिस्तान को एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम बेचने पर बनी सहमति

रूस की राजधानी मॉस्को में रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु और तालिबान सरकार के रक्षा मंत्री मुल्ला मोहम्मद याकूब मुजाहिद की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। जिसमें एयर डिफेंस सिस्टम के साथ दूसरे हथियारों की डील भी है।

मॉस्को: रूस ने पाकिस्तान को बहुत बड़ा झटका देते हुए अफगानिस्तान को एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम बेचने पर सहमति जता दी है। ये पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा झटका है। अगर तालिबान के हाथ एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम लग जाता है तो पाकिस्तान के लिए अफगानिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक करना मुश्किल हो जाएगा। बीबीसी अफगानिस्तान की रिपोर्ट में कहा गया है कि तालिबान सरकार के कार्यवाहक रक्षा मंत्री मोहम्मद याकूब मुजाहिद रूस को इस बात के लिए राजी करने में कामयाब रहे हैं कि वह उनकी सरकार को एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम मुहैया कराए।

बीबीसी ने सूत्रों के हवाले से आगे बताया है कि इस मामले पर मॉस्को के साथ पहले भी बातचीत हो चुकी थी और मुजाहिद की हालिया यात्रा के दौरान रूस ने वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। हालांकि फिलहाल ये साफ नहीं हो पाया है कि इस समझौते में सिर्फ हवाई सुरक्षा उपकरण शामिल हैं या इसमें ड्रोन जैसे आक्रामक हवाई हथियार भी शामिल हैं। लेकिन सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते में हवाई सुरक्षा उपकरणों के अलावा जमीनी सैन्य हथियार और तालिबान सरकार की सेना को जरूरी प्रशिक्षण देने का प्रावधान भी शामिल है।

तालिबान को एयर डिफेंस सिस्टम देगा रूस

बीबीसी ने बताया है कि इस दस्तावेज पर रूस की राजधानी मॉस्को में रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु और तालिबान सरकार के रक्षा मंत्री मुल्ला मोहम्मद याकूब मुजाहिद की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। अफगानिस्तान में सत्ता में आने के बाद से तालिबान सरकार ने रूस के साथ अच्छे संबंध बनाए रखे हैं और उनके विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने इस देश की कई यात्राएं की हैं। हालांकि रूस आधिकारिक तौर पर तालिबान सरकार को मान्यता नहीं देता है लेकिन दोनों देशों के बीच काफी गहरे संबंध बन गये हैं।

Sergei Shoigu and putinराष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव सर्गेई शोइगु (फाइल फोटो)
काबुल में रक्षा मंत्रालय के एक सूत्र ने यह भी घोषणा की कि यह समझौता रक्षा क्षेत्र में रूस के साथ तालिबान सरकार की समझ को औपचारिक रूप देता है। मोहम्मद याकूब मुजाहिद पिछले मंगलवार को एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच में भाग लेने के लिए मॉस्को रवाना हुए थे। तालिबान सरकार के एक सूत्र ने BBC को बताया था “रूस की यात्रा के लिए मुजाहिद के लिए जरूरी इंतजाम पहले ही कर लिए गए थे और इस यात्रा की तैयारी के लिए एक प्रतिनिधिमंडल पहले ही मॉस्को जा चुका था।”
रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के साथ अपनी बैठक के दौरान मोहम्मद याकूब मुजाहिद ने कहा “रूस इस क्षेत्र और दुनिया का एक महत्वपूर्ण देश है और रूसी संघ के साथ जुड़ाव और बातचीत हमारे लिए विशेष महत्व रखती है। हमें उम्मीद है कि ये संबंध पहले से कहीं अधिक व्यापक, स्थिर और विस्तृत होंगे।”
पाकिस्तान को पुतिन ने दिया बड़ा झटका
पाकिस्तान को अगर रूसी एयर डिफेंस सिस्टम और दूसरे जमीनी हथियार मिलते हैं तो पाकिस्तान के लिए अफगानिस्तान पर हमला करना मुश्किल हो जाएगा। वहीं बीबीसी ने एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम की बात कही है जिसका मतलब हो सकता है कि रूस, अफगानिस्तान को एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम सौंप सकता है जो भारत इस्तेमाल करता है। इसलिए पिछले वर्ष 314 किलोमीटर की दूरी से पाकिस्तानी अवाक्स एयरक्राफ्ट को मार गिराया था।
रूस उन कुछ देशों में से एक है जिसने 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने और अमेरिकी सेनाओं की वापसी के बाद काबुल में अपना दूतावास बंद नहीं किया। मॉस्को ने 2022 में तालिबान सरकार के साथ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय आर्थिक समझौता भी किया जिसके तहत वह अफगानिस्तान को तेल, गैस और गेहूं का एक हिस्सा आपूर्ति करता है। पिछले साल के अंत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अफगानिस्तान में स्थिति को बदलने के लिए तालिबान सरकार के साथ संबंध बनाए रखने को महत्वपूर्ण माना था। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान पूरी तरह से तालिबान के नियंत्रण में है और काबुल में मौजूदा नेतृत्व के साथ संबंध बनाए बिना कोई भी देश अफगानिस्तान के मामलों पर वास्तविक प्रभाव नहीं डाल सकता है।
             ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button