राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

कोटा में राहुल गांधी के दौरे पर बढ़ा सियासी पारा : गहलोत ने बताया युवाओं के लिए जरूरी, बीजेपी ने कहा राजनीतिक ड्रामा

राजस्थान / – आगामी री-नीट (Re-NEET) परीक्षा से ठीक पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जून को होने वाले कोटा दौरे को लेकर राजस्थान में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ जहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस दौरे को युवाओं की आवाज उठाने के लिए बेहद जरूरी बताया है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने इसे महज एक ‘राजनीतिक ड्रामा’ करार दिया है। हालात बिगड़ रहे हैं, लोग आत्महत्या कर रहे हैं, राहुल देंगे साथ का संदेश : अशोक गहलोत
बूंदी में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में पेपर लीक और परीक्षाओं को लेकर उपजे हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की। गहलोत ने कहा, “चाहे एसएससी (SSC) हो या कोई और परीक्षा, पूरे देश के युवा आज आक्रोशित हैं। हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और तनाव के कारण लोग आत्महत्याएं तक कर रहे हैं।”
गहलोत ने आगे बताया कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने कई विशेष कार्यक्रम तय किए हैं, जिसके तहत राहुल गांधी देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस विस्तारित कार्यक्रम का मुख्य मकसद देश के युवाओं को यह भरोसा और संदेश देना है कि वे इस संकट में अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी उनके हक के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है। इसी अभियान की शुरुआत कोटा से हो रही है।
परीक्षा से 4 दिन पहले राजनीतिक प्रयोग समझ से परे : सुनील बंसल

दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कोटा दौरे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी के इस कदम पर तीखा हमला बोला। बंसल ने सवाल उठाया कि जब 21 जून को छात्रों की नीट परीक्षा होनी है, तो उससे ठीक चार दिन पहले कांग्रेस नेता का यह दौरा क्यों तय किया गया?
सुनील बंसल ने कहा, “राहुल गांधी सिर्फ राजनीतिक ड्रामा करने के लिए कोटा आ रहे हैं। ऐन परीक्षा के वक्त छात्रों से बातचीत करना समझ से परे है और यह कांग्रेस की केवल राजनीति करने की फितरत को दर्शाता है।” नीट विवाद पर केंद्र सरकार का बचाव करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने पेपर लीक मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है और वर्तमान में पूरा मामला गहन जांच के अधीन है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए बंसल ने कहा कि ऐसे राजनीतिक प्रयोग पहले भी फेल हो चुके हैं।
केंद्र सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं, बंगाल में बदलाव का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनील बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का मुख्य फोकस हमेशा देश के विकास, जनकल्याण और जनता के विश्वास को अटूट बनाए रखने पर रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए बंसल ने कहा कि वहाँ के लोग पिछले 50 वर्षों से भ्रष्टाचार और गुंडाराज से त्रस्त हैं और अब वे तेजी से भाजपा के रूप में नया विकल्प चुन रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, भाजपा शहर अध्यक्ष राकेश जैन और पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button