फोरलेन के रेस्टोरेंट एवं ढाबों में फिर सजने लगी शराब की महफिल रात होते ही खुलेआम शराबखोरी का आरोप, बड़ी कार्रवाई की उठी मांग।

जांजगीर-अकलतरा। अकलतरा थाना क्षेत्र में फोरलेन से लगे कुछ रेस्टोरेंट एवं ढाबों में खुलेआम अवैध तरीके से शराब परोसे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ माह पूर्व जिले के पुलिस कप्तान द्वारा फोरलेन किनारे स्थित रेस्टोरेंट एवं ढाबों में दबिश देकर कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक स्थिति नियंत्रित रही, लेकिन अब एक बार फिर ढाबों में शराबखोरी का सिलसिला शुरू होने की चर्चा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात होते ही कुछ ढाबों एवं रेस्टोरेंट में शराब का सेवन खुलेआम किया जाता है। इससे न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। फोरलेन पर देर रात शराब सेवन के बाद वाहन चलाने वालों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शराब सेवन के बाद कई लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। गौरतलब है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है तो यह गंभीर सवाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल छोटी-मोटी कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। फोरलेन से लगे सभी संदिग्ध रेस्टोरेंट एवं ढाबों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। ढाबों में अवैध शराब बिक्री लंबे समय तक चलने को लेकर स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट




