नंदीग्राम उपचुनाव: 5 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत रहेंगे कांग्रेस उम्मीदवार, 2007 के आंदोलन मामले में हैं गिरफ्तार।

पश्चिम बंगाल / – पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती दिख रही है। कांग्रेस के नंदीग्राम उपचुनाव उम्मीदवार मिलन प्रधान की न्यायिक हिरासत को 5 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। इसे कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है क्योंकि 6 अक्टूबर को उपचुनाव की वोटिंग होनी है। मिलन प्रधान को बंगाल पुलिस ने 19 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया है। उन्हें अभी न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
कांग्रेस प्रत्याशी को पूर्वी मेदिनीपुर जिले की कोंटाई कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मिलन के वकील अयान भट्टाचार्य ने कहा कि कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ वह कोलकाता हाईकोर्ट जाएंगे।
हल्दिया की कोर्ट ने भी भेजा था न्यायिक हिरासत में
इससे पहले 19 सितंबर को हल्दिया की एक कोर्ट ने मिलन प्रधान को 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा। इसके बाद उसी दिन उनके गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली थी। कांग्रेस प्रत्याशी को 18 सितंबर 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े हत्या समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। मिलन प्रधान को उपचुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में प्रचार करने से रोक दिया गया। प्रचार 4 अक्टूबर को समाप्त होगा।
बंगाल पुलिस ने बताया कि मिलन प्रधान को नंदीग्राम में 2007 के भूमि अधिग्रहण आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए दंगा, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और आपराधिक धमकी से संबंधित जमानती मामलों में कथित संलिप्तता के लिए जारी किए गए चार लंबित गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।
क्यों हो रहा उपचुनाव?
नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के छोड़ने के बाद खाली हुई थी, उन्होंने मई में इस्तीफा दिया है और भवानीपुर सीट को बरकरार रखा था। शुभेंदु अधिकारी विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर चुनाव लड़े थे।
TMC का नाम और सिंबल है फ्रीज
18 सितंबर को नंदीग्राम में ममता गुट की प्रत्याशी संचिता प्रधान डे ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस को अपना समर्थन देने का ऐलान किया था। उसी दिन चुनाव आयोग ने टीएमसी के दोनों गुटों को नाम और सिंबल को इस्तेमाल करने से रोक दिया था और उन्हें अलग-अलग नाम और सिंबल आवंटित किया था।
चुनाव आयोग ने ममता गुट को ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और ऋतब्रत वाले गुट का नाम डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस है। वहीं, ममता बनर्जी गुट को फुटबॉल खेलता खिलाड़ी सिंबल मिला है और ऋतब्रत गुट को लिफाफा सिंबल दिया गया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद के रेजिनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट




